आम

आम के अर्थ :

आम के अँग्रेज़ी अर्थ

Noun, Masculine

  • a mango

Adjective

  • common
  • general

आम के हिंदी अर्थ

संस्कृत ; संज्ञा, पुल्लिंग

  • खाए हुए अन्न का कच्चा, न पचा हुआ मल जो सफे़द और लसीला होता है
  • एक प्रकार का बड़ा वृक्ष जो अपने मधुर और रसीले फलों के लिए प्रसिद्ध है, रसाल

    विशेष
    . यह वृक्ष उत्तर-पश्चिम प्रांत को छोड़ और सारे भारत वर्ष में होता है। हिमालय पर भूटान से कुमाऊँ तक इसके जंगली पेड़ मिलते हैं। इसकी पत्तियाँ लंबी गहरे हरे रंग की होती है। फागुन के महीने में इसके पेड़ मंजरियों या मौरों से लद जाते हैं जिनकी मीठी गंध से दिशाएँ मर जाती हैं। चैत के आरंभ में मौर झड़ने लग जाते हैं और 'सरसई' (सरसों के बराबर फल) बैठने लगते हैं। जब कच्चे फल बैर के बराबर हो जाते हैं, तब वे 'टिकोरे' कहलाते हैं। जब वे पूरे बढ़ जाते हैं और उनमें जाली पड़ने लगती है, तब उन्हे 'अँबियाँ' कहते हैं। फल के भीतर एक बहुत कड़ी गुठली होती है। जिसके ऊपर कुछ रेशेदार गूदा चढ़ा रहता है। कच्चे फल का गूदा सफे़द और कड़ा होता है और पक्के फल का गीला और पीला। किसी-किसी में तो बिल्कुल पतला रस निकलता है। अच्छी जाति के कलमी आमों की गुठली बहुत पतली होती है और उनका गूदा बँधा हुआ, गाढ़ा तथा बिना रेशे का होता है। आम का फल खाने में बहुत मीठा होता है। पक्के आम आषाढ़ से भादों तक बहुतायत से मिलते हैं। केवल बीज से जो आम पैदा किए जाते हैं उन्हें "बीजू' कहते हैं। ये उतने अच्छे नहीं होते। इसी से अच्छे आम कलम और पैबंद लगाकर उत्पन्न किए जाते हैं जो 'कलमी' कहलाते हैं। पैबंद लगाने की यह रीति है कि पहले एक गमले में बीज रखकर पौधा उत्पन्न करते हैं। फिर उस पौधे को किसी अच्छे पेड़ के पास ले जाते हैं और उसकी डाल उस अच्छे पेड़ की डाल से बाँध देते हैं। जब दोनों की डाल बिल्कुल एक होकर मिल जाती है तब गमले के पौधे की अलग कर लेते हैं। इस प्रकिया से गमले वाले पौधे में उस अच्छे पौधे के गुण आ जाते हैं। दूसरी युक्ति यह है कि अच्छे आम की डाल को काटकर बिसी बीजू पौधे के ठुँठे में ले जाकर मिट्टी के साथ बाँध देते हैं। आम के लिए हड्डी की खाद बहुत उपकारी होती है। आम के बहुत भेद है। जैसे- मालदह, बंबइया, दशहरी, सफ़ेदा, चौसा, लँगड़ा, कृष्णाभोग, रामकेला इत्यादि। भारतवर्ष में दो स्थान आमों के लिए बहुत प्रसिद्ध हैं—मालदह (बंगाल में) और मझगाँव (बंबई में)। मालदह आम देखने में बहुत बड़ा होता है, पर स्वाद में फीका होता है। बंबइया आम मालदह से छोटा होता है, पर खाने में बहुत मीठा होता है। लँगड़ा आम देखने में लंबा-लंबा होता है और सबसे मीठा होता है। बनारस का लँगड़ा प्रसिद्ध है। लखनऊ का सफे़दा भी मिठास में अपने ढंग का एक है। इसका छिलका सफे़दी लिए होता है, इसी से इसे सफे़दा कहते हैं। जितने कलमी और अच्छे आम हैं, वे सब छुरी से काटकर खाए जाते हैं। आम के रस को रोटी की तरह जमाकर अबंसठ या अमावट बनाते हैं। कच्चे आम का पन्ना लु लगने की अच्छी दवा है। कच्चे आमों की चटनी बनती है तथा अचार और मुरब्बा भी पड़ता है। आम की फाँकों की खटाई के लिए सुखाकर रखते हैं जो अमहर के नाम से बिकती है। इसी अमहर के चूर को अमचूर कहते हैं। आम की लकड़ी के तख़्ते, किवाड़, चौखट आदि भी बनते हैं, पर उतने मज़बूत नहीं होते। इसकी छाल और पत्तियों से एक प्रकार का पीला रंग निकलता है। चौपायों को आम की पत्ती खिलाकर फिर उनके मुत्र को इकट्ठा करके प्योरी रंग बनाते हैं।

  • वह रोग जिसमें आँव गिरती है

संस्कृत ; विशेषण

  • कच्चा, अपक्व, असिद्ध

    उदाहरण
    . बिगरत मन संन्यास लेत जल नावत आम घरो सो।


अरबी ; विशेषण

  • साधारण, सामान्य, मामूली

    उदाहरण
    . आम लोग उनकी सोहबत को अच्छा न समझते थे। . आम आदमियों को वहाँ जाने की आदत नहीं है।

  • प्रसिद्ध, विख्यात

    विशेष
    . इस अर्थ में इस शब्द का प्रयोग वस्तु के लिए होता है, व्यक्ति के लिए नहीं।

    उदाहरण
    . यह बात अब आम हो गई है, छिपाने से नहीं छिपती।

आम से संबंधित मुहावरे

आम के अंगिका अर्थ

संज्ञा, पुल्लिंग

  • आम्र, रसाल वृक्ष तथा फल दोनों के लिए व्यवहृत होता है

विशेषण

  • साधारण

आम के अवधी अर्थ

संज्ञा

  • आम का पेड़ या फल

आम के कन्नौजी अर्थ

आमु

संज्ञा, पुल्लिंग

  • एक प्रसिद्ध फल और उसका पेड़
  • साधारण, सामान्य 2. व्यापक, प्रसिद्ध

आम के कुमाउँनी अर्थ

संज्ञा, पुल्लिंग

  • एक फल
  • सामान्य
  • आम बात, सामान्य बात

आम के गढ़वाली अर्थ

विशेषण

  • सामान्य, मामूली
  • प्रसिद्ध, व्यापक

संज्ञा, पुल्लिंग

  • एक मीठा फल और उसका पेड़, आम्र, अम्बिका

Adjective

  • common, general
  • famous

Noun, Masculine

  • mango tree and its fruit. Mangifera indica

आम के बज्जिका अर्थ

संज्ञा

  • एक लोकप्रिय मीठा फल

आम के बुंदेली अर्थ

संज्ञा, पुल्लिंग

  • आम का वृक्ष, आम के कच्चे पके फलों के लिए अलग शब्द

आम के ब्रज अर्थ

संज्ञा, पुल्लिंग

  • आम का फल, आम्र फल
  • आम का पेड़

स्त्रीलिंग

  • आमाशय की एक बीमारी (आँव)

विशेषण

  • कच्चा
  • सार्वजनिक, सार्वजनीन

आम के मगही अर्थ

हिंदी ; संज्ञा

  • भारत का एक प्रसिद्ध फल, रसाल
  • उस फल का पेड़
  • (आँव) एक रोग, आँव

अरबी ; विशेषण

  • सार्वजनिक, सबका, मामूली, साधारण

आम के मैथिली अर्थ

संज्ञा

  • एक फल, रसाल
  • आँव

अरबी ; विशेषण

  • सार्वजनिक

Noun

  • mango
  • mucus

Arabic ; Adjective

  • public

सब्सक्राइब कीजिए

आपको नियमित अपडेट भेजने के अलावा अन्य किसी भी उद्देश्य के लिए आपके ई-मेल का उपयोग नहीं किया जाएगा।

क्या आप वास्तव में इन प्रविष्टियों को हटा रहे हैं? इन्हें पुन: पूर्ववत् करना संभव नहीं होगा